स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण के आखिरी दिन ही दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्करों के टीकाकरण का भी आगाज हो गया। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश और पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने शुक्रवार को सबसे पहले खुद को टीका लगवा कर फ्रंटलाइन वर्करों के लिए दूसरे चरण के वैक्सीनेशन की शुरुआत कराई। डीएम के साथ कलेक्ट्रेट में 14 से ज्यादा सीनियर पीसीएस अधिकारियों ने भी टीका लगवाया। कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और राजस्व कर्मियों को भी टीका लगवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : धनंजय सिंह ने प्रयागराज कोर्ट में किया सरेंडर, अजीत सिंह हत्याकांड में चल रहे थे फरार
पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने एसजीपीजीआइ में लगवाई वैक्सीन:
लखनऊ के पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था नवीन अरोड़ा व संयुक्त पुलिस आयुक्त नीलाब्जा चौधरी ने भी शुक्रवार को संजय गांधी पीजीआइ में वैक्सीन लगवाई। इसके साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों का भी टीकाकरण शुरू हो गया।
स्वास्थ्य कर्मियों के टीके का आखिरी दिन:
स्वास्थ्य कर्मियों के टीके का शुक्रवार को आखिरी दिन है। इसके लिए 22 अस्पतालों में कुल 55 बूथ बनाए गए हैं। आखरी दिन 6875 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 वैक्सीन दी जानी है। पहले दिन 16 जनवरी को प्रथम चरण के टीकाकरण का आगाज हुआ था। अब 16 जनवरी को टीका लगवा चुके स्वास्थ्य कर्मियों को 15 फरवरी को दूसरी डोज दी जाएगी। इसी तरह उसके बाद अलग-अलग तारीखों पर पहली डोज लगवा चुके अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी पहली डोज लगवाने के 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जाएगी।
0 Comments